नौरमई। करहल तहसील क्षेत्र में गांव असरोही के पास सोमवार रात रजबहा की पटरी कटने से लगभग 70 बीघा आलू, गेहूं, लहसुन की फसल जलमग्न हो गईं। ग्रामीणों की सूचना के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे किसानों में आक्रोश है।
गांव असरोही के पास सोमवार रात एक रजबहा की पटरी कट गई। पटरी कटने से रजबहा का पानी खेतों में भर गया। असरोही के पास के गांव नगला सेवाराम, नगला दिक्क, बघेरा के खेतों में पानी भरने से लगभग 70 बीघा आलू गेहूं लहसुन की फसलें जलमग्न हो गईं। मंगलवार सुबह किसानों ने रजबहा की पटरी कटने की सूचना एसडीएम करहल रतन वर्मा को दी।
एसडीएम ने नहर विभाग के नंबर देकर सूचना देने को कहा। आरोप है सूचना के बाद भी कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। किसानों ने मशक्कत कर खेतों में भरे पानी को पंपसेट से खेतों से बाहर निकाला। रजबहा की पटरी जोड़ने की कोशिश की लेकिन पटरी पूरी तरह नहीं जुड़ सकी। किसान रामेश्वर दयाल, राजेश कुमार, दरबारी लाल, रतन सिंह, उदयवीर ने रजबहा की पटरी जुड़वाने, लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग डीएम से की है।
---------
लेखपाल की कार्यशैली से भड़का आक्रोश
किसानों का आरोप है कि लेखपाल जयप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। किसानों की बात सुनने की बजाय गालीगलौज कर जेल भेजने की धमकी दी। किसानों ने डीएम और एसडीएम से लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
------
रजबहा की नहीं हुई सफाई
सपा शासन में क्षेत्र से रजबहा को निकाला गया था। नगला सेवाराम, नगला दिक्क, बघेरा के पास रजबहा की ठीक से खोदाई और सफाई नहीं की गई। रजबहा का पानी आगे नहीं निकल पाता है। इससे रजबहा की पटरी कटने से फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो जाती हैं
----------
वर्जन-
रजबहा की पटरी कटने से फसलें जलमग्न होने की सूचना किसानों ने दी थी। नहर विभाग के कर्मचारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की? इसकी जानकारी कराकर रिपोर्ट डीएम कार्यालय भेजी जाएगी।
रतन वर्मा, एसडीएम करहल