मैनपुरी। किसान गेहूं बेचने में जल्दबाजी न करें। गेहूं सरकारी खरीद केंद्रों पर ही 1925 रुपया प्रति क्विंटल की दर से बेचें। इस बार 101 खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। यह बातें डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहीं।
सोमवार को अधिकारियों की बैठक में डीएम ने कहा कि 72 घंटे में गेहूं खरीद का पैसा किसान के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से पहुंचेगा। केंद्र पर किसानों को टोकन जारी होंगे। जो पहले आएगा उसकी खरीद पहले होगी। इस बार आपातकालीन परिस्थितियों में गेहूं की खरीद होनी है। केंद्र प्रभारी अपने केंद्रों के कर्मियों, पल्लेदारों के पास ई-पास यूपी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर जारी करा लें। एसडीएम केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। खाद्य विपणन अधिकारी कमियों को तत्काल दूर करा लें। प्रत्येक केंद्र पर 15 अप्रैल से गेहूं की खरीदारी शुरू होनी है। जिले में 72500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है। पीसीएफ के 45, पीसीयू के 43, मार्केटिंग के सात, यूपी स्टेट एग्रो के चार, कर्मचारी कल्याण निगम, भारतीय खाद्य निगम के दो-दो खरीद केंद्र बनाए गए हैं। बैठक में एडीएम बी राम, एसडीएम रजनीकांत, खाद्य विपणन अधिकारी उदित नारायन, एआर कोऑपरेटिव अंकिता उप्रेती आदि मौजूद रहे।