शहर पानी को तरसा, कमिश्नर-डीएम के यहां ‘बरसा’
- फोटो : Amar Ujala
पानी के तमाम संसाधनों के बावजूद भेजे जा रहे पानी के टैंकर
शहर के कई क्षेत्र एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ कमिश्नर और जिलाधिकारी के यहां पानी की ‘गंगा’ बहाई जा रही है। तमाम संसाधनों के बावजूद इन अधिकारियों के यहां पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं। जबकि हजारों लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जल संस्थान के दोहरे मापदंड का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हजारों लोगों को उतना ही पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जितना एक अधिकारी के यहां।
गर्मी में भीषण जल संकट की स्थिति है। ऐसी स्थिति में पानी रविवार को जल संस्थान द्वारा टैंकरों से पानी की सप्लाई की गई। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार ही, इस दिन कमिश्नर के यहां दो और जिलाधिकारी के यहां एक पानी का टैंकर भेजा गया। यह स्थिति तब है, जब दोनों के निवास पर वाटर वर्क्स की पाइप लाइन के साथ-साथ पानी के और भी कई संसाधन हैं। जबकि शाहदरा, सती नगर, नगला मोहन लाल, शाहदरा वाल्मीकि बस्ती, जज कम्पाउंड, अहीरपाड़ा, किशोरपुरा, टेढ़ी बगिया आदि जगहों पर एक-एक टैंकर भेजा गया। जबकि यहां हजारों की संख्या में लोग रहते हैं।