आगरा में काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के 12वीं कक्षा (आईएससी) के परिणाम में जुड़वा बहनों काजल सिंघल और पलक सिंघल ने खुद को फलक पर काबिज किया है। दोनों सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज की छात्राएं हैं। परिणाम में इन्हें 99 फीसदी अंक मिले हैं।
चालू सत्र में दो टर्म परीक्षाएं कराई गईं। जिले के 13 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। पहली बार दूसरे स्थान पर 6 छात्र-छात्राओं ने उपस्थिति दर्ज कराई है। सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज की समृद्धि उपाध्याय, सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज की तमन्ना भल्ला, सेंट एंथनीज जूनियर कॉलेज की छात्रा दिव्यांशी कौशल, सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र भारत शर्मा, प्रभप्रीत सिंह सेठिया और पार्थ राठी ने परीक्षा में 98.75 फीसदी अंक प्राप्त किया है। 95 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की लंबी कतार है। कोरोना महामारी की विषम परिस्थितियों में छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई की। कड़ी मेहनत की बदौलत खुद को साबित किया है।
वर्ष 2015 के बाद टॉपर को मिला 99 फीसदी अंक
आईएससी परीक्षा में वर्ष 2015 के बाद टॉपर के हिस्से 99 फीसदी अंक आए हैं। वर्ष 2021 में सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज की काजल अग्रवाल को 99.75 फीसदी अंक जरूर मिले थे पर परीक्षा नहीं कराई गई थी। फार्मूले के आधार पर अंक दिए गए थे। गत वर्ष सेंट एंथनीज की अलीशा ने 99.5 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। परीक्षा में वर्ष 2015 सेंट पीटर्स के अथर्व मित्तल ने 99 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। उसके बाद अब काजल व पलक को 99 फीसदी अंक मिले हैं।
आठ वर्षों के परिणाम पर एक नजर
वर्ष टॉपर प्राप्तांक स्कूल
2022 99 काजल सिंघल सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज
2022 99 पलक सिंघल सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज
2021 99.75 परिधि अग्रवाल सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज
2020 98.25 निशा प्रकाश सेंट एंथनीज जूनियर कॉलेज
2020 98.25 अनुष मंगल सेंट पीटर्स कॉलेज
2019 98.75 शिवम तिवारी सेंट पीटर्स कॉलेज
2019 98.75 लक्ष्य भारद्वाज सेंट पीटर्स कॉलेज
2018 98.25 हर्षित शर्मा सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज
2017 98.75 तरुण गर्ग सेंट पीटर्स कॉलेज
2017 98.75 मेघा सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज
2016 98.00 सुखवीन सेंट एंथनीज जूनियर कॉलेज
2015 99.00 अथर्व मित्तल सेंट पीटर्स कॉलेज
नोट: वर्ष 2021 में परीक्षा के आधार पर नहीं, बल्कि फार्मूले के आधार पर परिणाम दिया गया था।
स्कूलों ने तलाशे टॉपर
शाम पांच बजे परीक्षा परिणाम जारी किया गया। रविवार के अवकाश होने के बाद भी स्टाफ ने स्कूलों की दौड़ लगाई। स्कूल में टॉपर तलाशे गए। स्कूलों ने एक-दूसरे स्कूलों के बारे में जानकारी हासिल की।
#UPCM @myogiadityanath ने काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) द्वारा संचालित ISC (12वीं) की वर्ष 2022 की परीक्षा में सफल समस्त विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री जी ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि ज्ञानार्जन के प्रति विद्यार्थियों की संकल्पबद्धता ने यह सफलता सुनिश्चित की है।
-
Chief Minister Office, Uttar Pradesh (@CMOfficeUP) 24 July 2022
#UPCM @myogiadityanath ने काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) द्वारा संचालित ISC (12वीं) की वर्ष 2022 की परीक्षा में सफल समस्त विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री जी ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि ज्ञानार्जन के प्रति विद्यार्थियों की संकल्पबद्धता ने यह सफलता सुनिश्चित की है।
- Chief Minister Office, Uttar Pradesh (@CMOfficeUP) 24 July 2022
शाम को परिणाम आने से कम विद्यार्थी स्कूल पहुंचे
शाम को परिणाम आने की वजह से स्कूलों में कक्षा 12वीं के कम विद्यार्थी पहुंचे। सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज, रागेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल के अलावा गिनेचुने स्कूलों में विद्यार्थी पहुंचे वह भी कम संख्या में। घर पर रहकर परिणाम देखे और सहपाठियों को फोन करके उनके अंक पता किए।