कासगंज। बसंती, इन कुत्तों के सामने मच नाचना... बॉलीवुड मूवी शोले का यह डॉयलाग 70 के दशक में सबकी जुबां पर छाया था। वहीं, 1975 में आई फिल्म प्रतिज्ञा के गाने मैं जट यमला पगला दीवाना ने उस दौर के लोगों को थिरकना सिखाया। 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड फिल्मों को एक्शन, रोमांस, डांस और डायलॉग से सुपरहिट फिल्म देने वाले हर दिल अजीज एक्टर धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया।
उनके निधन की खबर मिलते ही शहर के सिनेमा प्रेमियों में शोक छा गया। उन्होंने अमर उजाला के साथ उनके संवाद और फिल्मों की यादें साझा कीं। उस दौर में जिले में चार टॉकीज हुआ करते थे। इनमें बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र की फिल्में जब भी लगती थी, तब सारे शो काफी हाउसफुल जाते। उनके डायलॉग, गानों और एक्शन का जादू दर्शकों के दिलों में उतर जाता था। शोले, ड्रीम गर्ल, चुपके-चुपके, आंखें, मेरा गांव-मेरा देश, प्रतिज्ञा और राजा जानी समेत उनकी तमाम फिल्में खूब देखी गईं। उनकी फिल्म शोले का डायलॉग बसंती, इन कुत्तों के सामने मच नाचना, धर्मवीर फिल्म का कुत्ते, मैं तेरा खून पी जाऊंगा और राजा जानी फिल्म का हम भी किसी से कम नहीं खूब हिट रहा। इसके अलावा उनकी फिल्म के गाने भी पसंद किए गए। प्रतिज्ञा फिल्म का गाना मैं जट यमला पगला दीवाना और शोले फिल्म का गाना ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे को आज भी लोग खूब पसंद करते हैं। उनका निधन बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। भारतीय सिनेमा को उन्होंने अपने अभिनय से नई दिशा दिखाई।