जिले के 304 मतदेय स्थलों पर इस विधानसभा चुनाव में शांतिपूर्वक मतदान कराना पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती होगा। संवेदनशीलता की दृष्टि से इन्हें वल्नरेबिल श्रेणी में रखा गया है। यहां सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के विशेष बंदोबस्त होंगे। शहर की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सबसे ज्यादा मतदेय स्थल अतिसंवेदनशील श्रेणी में हैं।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर क्रिटिकल और वल्नरेबिल मतदेय स्थल चिह्नित कर लिए गए हैं। इस बार संवेदनशील मतदेय स्थलों को ‘क्रिटिकल’ और अतिसंवेदनशील को ‘वल्नरेबिल’ नाम दिया गया है। 1186 मतदेय स्थल क्रिटिकल और 304 वल्नरेबिल श्रेणी में रखे गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा (220 मतदेय स्थल) क्रिटिकल बाह विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसके बाद फतेहाबाद और खेरागढ़ हैं। वहीं, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 53 मतदेय स्थल वल्नरेबिल हैं। इसके बाद एत्मादपुर और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल ज्यादा संवेदनशील हैं। बता दें कि मतदेय स्थल रिटर्निंग ऑफिसर की सूचनाओं के आधार पर चिह्नित किए हैं। इन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। दोनों ही श्रेणियों के अधिकांश मतदेय स्थल काफी दूरस्थ क्षेत्र में हैं। यहां पर संपर्क के हाईटेक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि समय रहते यहां पर अधिकारी तथा अन्य फोर्स को भेजा जा सके। जिले में कुल 3411 मतदेय स्थल हैं।
इनसेट
विधानसभा क्षेत्र क्रिटिकल वल्नरेबिल
एत्मादपुर 113 46
छावनी 98 37
दक्षिण 83 36
उत्तर 90 53
ग्रामीण 174 43
सीकरी 98 17
खेरागढ़ 152 25
फतेहाबाद 158 19
बाह 220 28