मैनपुरी। शहर के राधारमन रोड स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में बृहस्पतिवार रात चोरों ने नकब लगाकर करीब पचास हजार रुपये का सामान और रुपये चोरी कर ली है। शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी बिजेंद्र नारायण मिश्रा राधारमन रोड पर नारायण हार्डवेयर नाम से दुकान किए हुए हैं। बृहस्पतिवार को वह रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद घर चले गए। शुक्रवार सुबह उन्हें दुकान में हुई चोरी की जानकारी मिली। दुकान खोलकर देखा तो दुकान के पिछले हिस्से पर पड़ी प्लास्टिक की चादर कटी हुई थी।
माना जा रहा है कि चोर वहीं से दुकान के अंदर आए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर जांच करने पहुंची। बिजेंद्र ने बताया कि चोर करीब 40 हजार रुपये कीमत की नल की टोंटी, चार हजार की नकदी और सीसीटीवी का डीवीआर चुरा ले गए। पुलिस काफी देर तक इलाके में छानबीन की। पीड़ित की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की गई है।