मैनपुरी। प्रजापति कॉलोनी स्थित एक मकान के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों के जेवर और नकदी चोरी कर ली। सोमवार की सुबह जानकारी होने के बाद पीड़िता ने चौकी पर तहरीर दी, लेकिन वहां से कोतवाली भेज दिया गया।
गीता देवी रविवार की रात अपनी नातिन व अन्य परिजनों के साथ छत पर सो रहीं थीं। रात में किसी समय चोरों ने मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़ कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने कमरे के ताले तोड़कर अलमारी व बक्सों में रखे हजारों कीमत के जेवर व पांच हजार की नकदी चोरी कर ली।
सोमवार की सुबह जब परिजन जागे तो कमरों के ताले टूटे देख चोरी की जानकारी हुई। गीता देवी के अनुसार चोर एक जोड़ी झाले, मटर माला, दो सोने की हाय, दो नाक की बाली, दो जोड़ी चांदी की पायलें व पांच हजार की नकदी चुरा ले गए। पीड़ित सुबह चौकी पहुंची तो वहां से उन्हें कोतवाली भेज दिया। पीड़िता ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।