कासगंज। न्यौली चीनी मिल व गन्ना समिति में अनुबंध पूरा हो गया है। ट्रायल के रूप में 3 दिन तक चीनी मिल प्रतिदिन 50 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई करेगी। चीनी मिल ने गन्ना किसानों को पर्चियां भेजने की तैयारी भी कर ली है। बृहस्पतिवार से किसानों को गन्ना खरीद के लिए पर्चियां भेजी जाएंगी। गन्ना समिति और चीनी मिल में अनुबंध न होने से समय रहते किसानों को पर्चियां नहीं भेजी जा सकीं। गन्ना विभाग की सख्ती के बाद बुधवार को चीनी मिल और समिति में अनुबंध पूरा हो गया है। इसमें तय किया गया कि मिल प्रतिदिन 50 हजार कुंतल गन्ने पेराई करनी होगी।
अनुबंध पूरा होते ही गन्ना खरीद जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। बृहस्पतिवार से चीनी मिल पंजीकृत किसानों को पर्चियां भेजना शुरू कर देगी। ये ऑनलाइन व डाक से भी भेजी जाएंगी। गन्ना विभाग ने चीनी मिल से सभी दस्तावेज लेकर अन्य जानकारी ली। मिल ने गन्ना अधिकारी को बताया है कि मिल पेराई के लिए पूरी तरह व्यवस्थित है। इसके बाद जिला गन्ना अधिकारी ने चीनी मिल के अफसरों को व्यवस्थित रूप से गन्ने की खरीद कर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पेराई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।