कासगंज। सिढ़पुरा में धुमरी रोड से सड़क किनारे अपने रिश्तेदार के साथ खड़े चीनी व्यापारी का शनिवार की सुबह अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद पुलिस में खलबली मच गई। एसपी ने पुलिस की दो टीमें बरामदगी के लिए लगाईं। पुलिस ने शनिवार की रात अपहृत व्यापारी की पुलिस ने बरामदगी कर ली। 20 घंटे में अपहृत व्यापारी की बरामदगी के करने पर एसपी ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। वहीं चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। सिढ़पुरा निवासी अमरपाल अपने साढू चीनी व्यापारी अवनीश निवासी सनौठी गंजडुंडवारा के साथ शनिवार की सुबह 9 बजे के करीब धुमरी रोड पर खड़े थे। तभी अज्ञात कार सवार वहां आए। आरोप है कि बदमाशों ने अमरपाल को धक्का मारकर गिरा दिया, साथ ही अवनीश को कार में डालकर अपहरण करके ले गए। अमरपाल ने थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष भूदेव प्रसाद ने जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने व्यापारी की बरादमगी के लिए दो टीमों का गठन किया। वहीं एसपी स्वयं एवं एएसपी जितेंद्र दुबे, सीओ पटियाली डीके पंत भी निगरानी बनाए रहे। अपहरणकर्ता पुलिस से बचने के लिए बार बार लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस ने सर्विलांस की मदद लेकर लोकेशन के आधार पर घेराबंदी करना शुरु कर दी। पुलिस ने व्यापारी को धनसिंहपुर के समीप बरामद कर लिया। वहीं कार को कब्जा लिया और अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि अपहरण करने वालों में सिढ़पुरा के गांव सनौठी निवासी सुनील, एटा निवासी रामू, हरियाणा के पानीपत निवासी राम सिंह और गजेंद्र शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चीनी व्यापारी को अपहरण कर हरियाणा ले जा रहे थे।