आगरा। श्रीजनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर से जनकपुरी आमंत्रण यात्रा निकाली। स्कूल बैंड के साथ 500 से अधिक बच्चे शामिल हुए, उन्होंने मिथिला वासियों को जनकपुरी में आने का न्योता दिया। जय श्रीराम की गूंज और सियाराम से जुड़े भजनों ने इस दौरान मिथिला नगरी को राममय बना दिया।
छात्र, स्काउट्स, एनसीसी कैडेट्स और आचार्य हाथों में तख्तियां और पोस्टर्स लिए हुए लोगों को निमंत्रण दे रहे थे। कमला नगर, सद्भावना पार्क होते हुए यात्रा जनक मंच पर पहुंची। वहां पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इससे पहले विद्यालय के संरक्षक सीए महेंद्र गर्ग, अध्यक्ष राकेश मंगल, प्रधानाचार्य कृष्णकांत द्विवेदी, आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर और शंखनाद कर आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ किया।
अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि देश तभी विश्वगुरु बनेगा, जब बच्चे देश की संस्कृति को जानेंगे और उससे हृदय से जुड़ेंगे। इसी दृष्टि से राम का पाठ शीर्षक से रामलीला, जनकपुरी के इतिहास और संपूर्ण विवरण को पाठ्य पुस्तकों में दर्ज करने की मांग की गई है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस दिशा में कार्य करने का आश्वासन भी दिया है।
इस मौके पर सीताराम अग्रवाल, श्रीभगवान अग्रवाल, विजय गोयल, अनिल अग्रवाल, हरिश्चंद्र अग्रवाल, अमित अग्रवाल, रैलेश अग्रवाल, वरुण कौशिक, मोहित अग्रवाल, संजीव शर्मा, सौरभ अग्रवाल, विश्वेंद्र सिंह, तुषार गर्ग आदि मौजूद रहे।