सहावर (कासगंज)। थाना क्षेत्र के गांव चाड़ी के समीप दूध की टंकियों से लदे टेंपो ने मां के साथ सड़क पर जा रही मासूम को रौंद दिया। हादसे में मासूम की मौत हो गई। इधर, टेंपो भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक सहित टेंपो सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव चाड़ी निवासी सुप्रिया (4) पुत्री नीरपाल अपनी मां सुमन के साथ शनिवार सुबह सड़क किनारे खेत की ओर जा रही थी। तभी कासगंज की ओर से चाड़ी की ओर जा रहे दूध की टंकी से लदे टेंपो ने मासूम को टक्कर मार दी। हादसे में सुप्रिया की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, हादसे के बाद टेंपो भी अनियंत्रित होकर पलट गया और टेंपो सवार सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मुजफ्फनगर निवासी अवनेश (18) पुत्र हृदेश, धीरपाल (25) पुत्र राजवीर और सुगड़ सिंह(26) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से सभी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले में देरशाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
- सड़क हादसे में मासूम की मौत के मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गणेश चौहान, थानाध्यक्ष, सहावर