कासगंज। पटियाली के मोहल्ला मिश्राना में पंतग उड़ाते समय बंदरों के हमला कर देने से बालक की छत से गिरकर मौत हो गई।
मोहल्ला नत्थू नगर मिश्राना निवासी आकिब(10) पुत्र शाक़िर मंसूरी दोपहर के समय छत पर पतंग उड़ा रहा था। अचानक छत पर बंदर आ गए और उसकी ओर दौड़े। इससे वह घबरा गया और घबराहट में बंदरों से बचने के लिए भागा और वह छत से नीचे सड़क पर गिर पड़ा।
छत से नीचे गिरने से उसका सर फट गया और वह खून से लथपथ हो गया। आवाज सुनकर परिजन बाहर निकल कर आए। उसे लहुलुहान देखकर उनके होश उड़ गए।
परिजन उसको स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्साधीक्षक डॉ. शिव श्री ने उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन जब उसे लेकर अलीगढ़ जा रहे थे तभी उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।