अमांपुर। क्षेत्र के अमांपुर बनुपुरा मार्ग पर सड़क हादसे में बालक की मौत हो गई। बालक मां के साथ खेत पर जा रहा था, उसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
सड़क हादसे में मौत का शिकार अलबख्श (7 वर्ष) पुत्र आसिफ खान निवासी ददवारा हुआ है। वह पैदल मां के साथ खेत पर जा रहा था। बनुपुरा रोड पर एक होटल के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने बालक को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसका शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।