मैनपुरी के भोगांव में एक बालक की डिस्प्रिन की गोली खाने से मौत हो गई। बालक ने सिरदर्द होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के यह गोली खाई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए। वहां से सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। सैफई अस्पताल में बालक ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मैनपुरी के भोगांव के मोहल्ला पथरिया निवासी शाकिर का पुत्र शाहजेब (10) बुखार से पीड़ित था। इसी दौरान सोमवार को अचानक उसके सिर में दर्द होने लगा। दर्द तेज होने के कारण उसने डॉक्टर से सलाह लिए बिना ही डिस्प्रिन की गोली खा ली। गोली खाने से उसकी हालत और बिगड़ गई।
हालत गंभीर होने पर परिजनों ने तुरंत उसे स्थानीय चिकित्सक को दिखाया। हालत में सुधार न होने पर जिला चिकित्सालय ले गए। वहां भी कोई सुधार न होने पर सैफई के लिए रेफर कर दिया। सोमवार की रात शाहजेब की सैफई अस्पताल में मौत हो गई। मामले में परिवारीजनों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से साफ इंकार कर दिया है।