सहावर(कासगंज)। गंजडुंडवारा रोड पर बृहस्पतिवार की रात तीन दुकानों में चोरों ने लाखों के सामान की चोरी कर ली। वहीं एक दुकान से चोर चोरी करने के प्रयास में विफल हो गए। पुलिस ने दुकानों पर पहुंचकर मुआयना किया।
गंज रोड स्थित पदम वार्ष्णेय के गोदाम से गुटका के पैकेट एवं घी के टीन आदि चोरी हो गए। अनुमान हैं कि चोर लगभग 2.5 लाख रुपये का सामान ले गए हैं। विक्की की मोटर पार्ट्स की दुकान से चोर लगभग 50,000 रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वही नितिन वार्ष्णेेय की खाद बीज की दुकान से 20 हजार का बीज चोरी कर लिया। इसके अतिरिक्त चोरों ने पास के ही ललित कुमार की दुकान का ताला भी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। सुबह के समय जब लोगों ने दुकानों के ताले टूटे देखे तो सूचना दुकान स्वामियों को दी। दुकान स्वामी दुकानों पर पहुंच गए। चोरी की घटना की जानकारी होने आस-पास के अन्य दुकानदार भी एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चोरी की घटना का मुआयना किया। बता दें कि चोरों ने 15 दिन पहले ही नितिन की दुकान में चोरी की थी और शुक्रवार को फिर से कर ली।
सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर ले गए
करीब 15 दिन पहले नितिन वार्ष्णेय की बीज की दुकान में चोरी हुई थी। जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे। लेकिन इस बार चोर दुकान में चोरी करने के साथ- साथ सीसीटीवी का डीवीआर ही चोरी कर ले गए।
जल्द होगा चोरी की घटनाओं का खुलासा
चोरी की घटनाओं की पुलिस गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। घटना स्थल का मुआयना किया गया है। शीघ्र ही चोरी की वारदातों का खुलासा किया जाएगा। - राजेश मीणा, कोतवाली प्रभारी, सहावर।