आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस छलेसर परिसर स्थित शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद विभाग में मंगलवार को अंतर महाविद्यालयीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। छलेसर परिसर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केआर पीजी कॉलेज मथुरा को हराकर खिताब अपने नाम किया। छलेसर परिसर की महिला हैंडबॉल टीम ने पहली बार ट्रॉफी कब्जाई।
फाइनल मैच की शुरुआत से ही छलेसर परिसर की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई। तेज पासिंग, मजबूत डिफेंस और सटीक गोल ने विरोधी टीम को दबाव में बनाए रखा। दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन के बीच टीम ने निर्णायक बढ़त बनाई और अंततः विजेता बनी।
इस दौरान प्रतियोगिता समन्वयक डॉ. अखिलेश चंद्र सक्सेना, डॉ. सिंधुजा चौहान, डॉ. अमृता एनडी, डॉ. हेमराज, डॉ. जयशंकर, डॉ. रणवीर सिंह, डॉ. दलवीर सिंह, डॉ. महेश फौजदार, डॉ. उरदेव सिंह तोमर, डॉ. नरेंद्र पाल, डॉ. रवि शंकर आदि मौजूद रहे।