आगरा पहुंची शतरंज ओलिंपियाड की मशाल रिले
- फोटो : अमर उजाला
देश में पहली बार शतरंज ओलिंपियाड का आयोजन तमिलनाडु के महाबलीपुरम में होने जा रहा है। 28 जुलाई से नौ अगस्त तक होने वाले इस 44वें शतरंज ओलंपियाड की मशाल रिले रविवार को आगरा पहुंचीं। रिले के आगरा पहुंचने पर उसका मेहताब बाग स्थित सेल्फी प्वाइंट पर जोरदार स्वागत किया गया। रिले के मेरठ से आगरा पहुंचने पर ग्रांड मास्टर वंतिका अग्रवाल इसे थामे हुए थीं। मेयर नवीन जैन और डीएम प्रभु एन सिंह ने उनका स्वागत किया। रिले के साथ आल इंडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष संजय कपूर भी थे। शतरंज ओलिंपियाड में 187 देशों के 2200 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। शतरंज रिले को पहली बार निकाला गया है। अब प्रत्येक शतरंज ओलिंपियाड से पहले उसकी रिले निकालने की शुरूआत भारत से ही होगी।
अपने घर लौटा शतरंज
आल इंडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष संजय कपूर इस मौके पर बेहद भावुक नजर आए। उनका कहना था कि शतरंज की शुरूआत भारत में ही हुई थी, लेकिन किन्ही कारणों से यह अन्य देशों में चला गया। अब उसकी घर वापसी हुई है, इससे देश में शतरंज खेल के प्रति लोगों में जागरूकता आएगी।