मैनपुरी। शहर के पावर हाउस रोड निवासी एक युवक रविवार को टटलू गैंग ने अपना शिकार बनाया है। रिश्तेदार को बस में बैठाने के दौरान दो ठग जेवर का लालच देकर अपने साथ ले गए। नकली जेवर देकर 1.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीनों आरोपी पकड़ लिए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के पावर हाउस रोड के पास निवास कर रहे राजीव कुमार ने बताया कि रविवार को वह अपने एक रिश्तेदार को बस स्टैंड पर छोड़ने के लिए आए थे। वहां उसे तीन लोग मिले और वह कहने लगे कि उन्हें रुपये की सख्त जरूरत है। उनके पास काफी कीमत के जेवर हैं। वह लोग बातों में फंसाकर क्रिश्चियन मैदान में ले गए और चेन और अंगूठी देते हुए कहा कि यह कम से कम दो लाख रुपये के हैं। वह लालच में आ गया और घर से एक लाख रुपये लाकर उन्हें दे दिए। इसके बाद वह लोग 10 हजार रुपये और मांगने लगे। उसने 5 हजार रुपये और दे दिए। जब उसने सराफ के पास जाकर सोना चेक कराया तो पता चला कि वह नकली है। पुलिस को बताया कि ठगी करने वाले लोग अपने नाम धर्मेंद्र, महिपाल और अशोक ले रहे थे। पुलिस ने ठगी के इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने बताया कि तीनों आरोपियों को बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उनके पास से नकदी और जेवर बरामद हुए हैं।