20 लाख रुपये की चौथ मांगने के लिए कांच व्यापारी के पास फोन आया, तो उसके पसीने छूट गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। वहीं धमकी मिलने के बाद से व्यापारी और उसका परिवार दहशत में है।
आगरा के एत्मादपुर में कांच व्यापारी से फोन करके किसी बदमाश ने 20 लाख रुपये की चौथ मांगी है। रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई है। इससे व्यापारी और परिवार के लोग दहशत में हैं। पीड़ित की तहरीर पर एत्मादपुर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
एत्मादपुर कस्बे के मोहल्ला शुतुरवान निवासी कांच व्यापारी मुस्लिम खां ने पुलिस को बताया कि फिरोजाबाद में स्टेशन रोड पर उनका कांच के ग्लास बनाने का कारखाना है। वह रोजाना घर से फिरोजाबाद आते-जाते हैं।
सोमवार की रात 8:17 बजे उनके मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति ने 20 लाख रुपये की मांग की। धमकाया कि रुपये नहीं देने पर तुझे गोली मार दूंगा। इंस्पेक्टर एत्मादपुर ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।