मौसम में बदलाव फेंफड़ों में संक्रमण दे रहा है। मैनपुरी जिला अस्पताल में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। तीन मरीजों की जान जा चुकी हैं, वहीं 33 की हालत गंभीर बनी हुई है।
मैनपुरी में मौसम में बदलाव के साथ ही जिले में फेंफड़ों में संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों की मौत हो गई। वहीं 27 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। चार मरीज हालत बिगड़ने पर रेफर किए गए।
विज्ञापन
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सोमवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई। ओपीडी में 1342 मरीजों को उपचार दिया गया। 27 मरीज डॉक्टरों की सलाह पर भर्ती कराए गए। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव हरैनपुर निवासी शिव कुमारी (65) को पिछले कुछ दिनों से फेंफड़ों में संक्रमण के चलते सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर रविवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां उपचार के दौरान रविवार की रात उनकी मौत हो गई। शहर के आगरा रोड निवासी सोनू (35) पुत्र मदनपाल को पिछले कुछ दिनों से पेटदर्द की शिकायत थी। परिजनों ने जांच कराई तो फेंफड़ों में संक्रमण निकला। परिजन उसका एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। रविवार की रात हालत बिगड़ने पर परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला कटरा निवासी इदरीश (60) को भी पिछले कुछ दिनों से फेंफड़ों में संक्रमण की दिक्कत थी। परिजन ने उन्हें रविवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएमएस डाॅ. मदनलाल का कहना था कि तीनों मरीजों को अंतिम सांसों में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था।