शादी के वादे पर प्रेमी के दबाव में लिंग परिवर्तन कराने वाली किन्नर ने अब उसके पहले से शादीशुदा होने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि प्रेमी ने उससे करीब चार लाख रुपये और बुलेट बाइक भी ले ली तथा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
आगरा में एक किन्नर ने जिसे जीवनसाथी समझा, उस पर भरोसा कर जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला ले लिया। शादी का वादा मिला तो लिंग परिवर्तन का ऑपरेशन कराकर पुरुष से स्त्री बन गई। मगर कुछ समय बाद जब पता चला कि प्रेमी पहले से शादीशुदा है तो उसके सपनों की दुनिया बिखर गई।
विज्ञापन
आरोप है कि प्रेमी ने न केवल उसका शारीरिक और भावनात्मक शोषण किया बल्कि चार लाख रुपये और बुलेट बाइक भी ले ली। रुपये और बाइक वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले की पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत के बाद सिकंदरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली और वर्तमान में बाराबंकी में अपनी गुरु के साथ रह रही पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा निवासी त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने शादी का भरोसा दिलाया और कहा कि वह उसे पत्नी बनाकर रखेगा। इसी भरोसे में वह उसके साथ अलग-अलग होटलों में जाती रही। आरोप है कि इस दौरान आरोपी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और शादी का वादा करता रहा।
पीड़िता के मुताबिक, 8 दिसंबर 2025 की रात त्रिवेंद्र उसे एक होटल में ले गया। वहां उसने लिंग परिवर्तन कराने का दबाव बनाया। आरोप है कि उसने साफ कह दिया कि जब तक वह ऑपरेशन कराकर पुरुष से स्त्री नहीं बनेगी, वह शादी नहीं करेगा। प्रेम और शादी के भरोसे में पीड़िता ने उसकी बात मान ली और लिंग परिवर्तन करा लिया। उसे उम्मीद थी कि अब दोनों साथ जिंदगी बिताएंगे मगर इसके बाद भी उसके हिस्से में इंतजार और धोखा ही आया।
बधाई की कमाई भी लेता रहा
पीड़िता का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी आरोपी उसके साथ शोषण करता रहा। वह किन्नर समुदाय की परंपरा के अनुसार बधाई मांगकर जो रुपये लाती, उनमें से भी त्रिवेंद्र रकम ले लेता था। इस तरह उसने करीब चार लाख रुपये नकद ले लिए।
शादीशुदा निकला प्रेमी
कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि जिस व्यक्ति को वह अपना जीवनसाथी मान बैठी थी, वह पहले से विवाहित है। यह जानकारी मिलने पर वह टूट गई। जब उसने त्रिवेंद्र से अपने रुपये और बुलेट वापस मांगी तो आरोपी और उसकी पत्नी किरण ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मामले में छल, शोषण और अंगभंग कराने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने रुपये और बुलेट वापस दिलाने के साथ सुरक्षा की भी मांग की है। साक्ष्य संकलन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।