आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद आगरा खंड स्नातक एमएलसी सीट से प्रत्याशी दक्ष यादव के नामांकन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वह किसी से गठबंधन नहीं करेंगे और उनका गठबंधन जनता के साथ है।
विधानसभा चुनाव से पहले आजाद समाज पार्टी ने आगरा खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारा है। सोमवार को आगरा खंड स्नातक चुनाव के लिए कासगंज के दक्ष यादव का नामांकन दाखिल कराने के लिए सांसद और राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद आगरा पहुंचे।
विज्ञापन
उन्होंने कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल कराने के बाद मीडिया से कहा कि सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं। इंडिया न एनडीए, बल्कि मेरा गठबंधन जनता के साथ है। चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप के साथ उन्होंने मतदान प्रतिशत में अंतर आने पर निशाना साधा।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि चुनाव में मतदान का प्रतिशत 65 बताया जाता है लेकिन दो-तीन दिन बाद ही यह 70 फीसदी हो जाता है। ईवीएम जमा करते वक्त एक-एक वोट का ब्योरा दर्ज किया जाता है। कहा कि वह 2027 के चुनाव में किसी से गठबंधन नहीं कर रहे हैं।
विज्ञापन
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि आयोग में चाहे ज्ञानेश कुमार हो या रूपेश कुमार, जब तक प्रक्रिया नहीं बदलती, तब तक कुछ नहीं बदलेगा। मेरा गठबंधन जनता के साथ है। इंडिया गठबंधन का अगर आमंत्रण आता है तो उसे ठुकराऊंगा नहीं। समाजवादी पार्टी केवल दलितों के नाम का उपयोग कर रही है। पीडीए के नाम पर वोटरों को छला जा रहा है। चंद्रशेखर ने पार्टी संगठन की समीक्षा भी की।