राजस्थान में लगातार हो रही बारिश का असर एक बार फिर चंबल नदी में दिखाई देने लगा है। शुक्रवार से चंबल नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे के भीतर 5 मीटर से अधिक पानी बढ़ा है। शनिवार शाम तक जलस्तर 112 मीटर से बढ़कर 117.40 मीटर तक पहुंच गया। नदी का पानी बढ़ने से चंबल घाट स्थित शिव मंदिर आधे से अधिक पानी में डूब गया। वहीं कछार के किसान भी फसलें डूबने की आशंका से परेशान हो उठे हैं।
चंबल नदी राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होकर बहती है। कई दिनों से राजस्थान क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इस कारण पार्वती और काली का पानी तेजी से बढ़ रहा है। काली, पार्वती के अलावा अन्य छोटी नदियों का पानी चंबल में पहुंच रहा है। इससे चंबल नदी भी उफान मारने लगी है। इसका जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे के दौरान ही 5 मीटर से अधिक पानी बढ़ा है। तेजी से जलस्तर बढ़ने के बाद घाट पर आने-जाने वाले लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
फिलहाल प्रशासन के अनुसार अभी किसी तरह के खतरे की स्थिति नहीं है। सिंचाई विभाग के मुताबिक चंबल नदी का चेतावनी निशान 127 मीटर पर है। हालांकि पानी बढ़ने के मद्देनजर पुलिस ने ग्रामीणों और घाट पर पहुंचने वाले लोगों को नदी से दूर रहने की हिदायत दी है।