फिरोजाबाद। पारंपरिक क्राइम में कमी आई है। साइबर क्राइम में इजाफा हुआ है। क्योंकि युवा अपराधी बिना किसी रिस्क के इन अपराध को कर रहे हैं। पुलिस में आने वाली युवा टीम को साइबर क्राइम पर कंट्रोल करने के लिए काम करना होगा। क्योंकि 25 प्रतिशत तक मामले साइबर क्राइम के होने लगे हैं। ये बातें शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए आईजी जोन नवीन अरोड़ा ने कहीं।
आईजी जोन नवीन आरोड़ा ने कहा कि जिले में घट रही आपराधिक घटनाओं के साथ जुआ सट्टा, शराब माफियाओं के साथ गांजा चरस आदि के बारे में पुलिस से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अब 25 प्रतिशत तो साइबर क्राइम होने लगे है, जो कि पुलिस के लिए भी चुनौती है। इस पर कंट्रोल किया जाना जरूरी है। युवा टीम में कई बीएससी, बीकॉम के साथ इंजीनियर एवं पोस्ट ग्रेजुएट युवा हैं। ये जवान युवा इस क्राइम को रोकने में काफी बेहतर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि एडीजी जोन की ओर से आगरा जोन के सभी थानों में पिछले दस वर्ष के अपराधियों का डाटा एक एप पर अपलोड कराया जा रहा है। इस एप पर बीट के उपनिरीक्षक, थाना प्रभारी, सीओ, एसपी सिटी एवं देहात लेकर एसएसपी तक अपराधियों का ब्योरा एक क्लिक कर खोल सकेंगे। इस एप के माध्यम से हम अपराधी तक पहुंचने में आसानी होगी। इसे अपलोड कराने के बाद उक्त अपराधी की स्थिति क्या है इसका सत्यापन होगा। इस दौरान एसएसपी अजय कुमार पांडेय, एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, सदर हीरालाल कनौजिया, देवेंद्र सिंह, कमलेश कुमार मौजूद थे।