विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति के सभापति ने अधिकारियों से कहा कि 24 घंटे कैसे काम किया जा सकता है, ये मोदी-योगी से सीखें। साथ ही निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का उल्लंघन न हो।
सुबह पूजा के बाद काम पर निकलें। जब गाड़ी में बैठें तो एक बार मोदी-योगी को याद जरूर करें। उनसे सीखें कैसे 24 घंटे काम किया जाता है। यह पाठ शनिवार को विधान परिषद की नियम पुनरीक्षण समिति के सभापति धर्मेंद्र भारद्वाज ने सर्किट हाउस में आगरा व मैनपुरी के अधिकारियों को पढ़ाया। मौका था समिति की समीक्षा बैठक का।
विज्ञापन
जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल उल्लंघन व अन्य बिंदुओं की समीक्षा के लिए आए सभापति ने अधिकारियों से सदन में पूछे गए सवालों के जवाब पर जानकारी मांगी। उन्हें बताया गया कि पिछले 3 साल में कोई लंबित नहीं हैं। तारांकित व अतारांकित प्रश्नों पर समन्वय से काम करने की नसीहत दी।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों के पत्रों को गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही। बैठक में एमएलसी विजय शिवहरे ने अधिकारियों की ओर से समीक्षा में प्रस्तुत की गई रिपोर्ट पर सवाल उठाए। कहा इसमें किस प्रश्न का क्या जवाब दिया, इसका ब्योरा नहीं है। अधिकारी की बैठकों में जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाया जाता।
विज्ञापन
उन्होंने आगरा व मैनपुरी को प्रदेश का उत्तम जिला बनाने के लिए समन्वय से काम करने की नसीहत दी। बैठक से बेसिक शिक्षा अधिकारी के गैर हाजिर रहने पर नाराजगी जताई। मुख्य चिकित्साधिकारी से कहा शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। पुलिस अधिकारियों को थाने में आने वाले फरियादियों से अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने समिति सदस्यों का स्वागत किया।