मैनपुरी। भारतीय किसान यूनियन की सोमवार को विकासखंड जागीर के गंाव कछपुरा में बैठक हुई। यूनियन के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य ने कहा किसानों की बात कहकर केंद्र में सरकार बनाने वाली भाजपा किसान विरोधी है। किसानों की जायज मांगें केंद्र सरकार को पूरी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा किसानों के लिए केंद्र सरकार को एमएसपी पर कानून बनाना चाहिए। किसान विरोधी तीनों कृषि कानून वापस लिए जाने चाहिए। गेहूं खरीद के दौरान किसानों के शोषण, उत्पीड़न के साथ ही जिले भर में गेहूं खरीद में हुई धांधली की जांच प्रशासन को हर खरीद केंद्र की करानी चाहिए। गेहूं खरीद का भौतिक सत्यापन भी क्रॉस चेकिंग के माध्यम से कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के बाद भाजपा अब ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी भ्रष्टाचार के सहारे ही जीतना चाहती है। किसान भाजपा के शासन से तंग आ चुके हैं। वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को किसान ही सत्ता से हटाएंगे। राजा ठाकुर, योगेंद्र प्रसाद दुबे, रामवीर सिंह, प्रेम सिंह, उजागर लाल, प्रकाशचंद्र, महेंद्र सिंह, प्रेमचंद्र, अरविंद सिंह, राजवीर शाक्य, मनोज कुमार शाक्य मौजूद रहे।