कासगंज। अमृत महोत्सव अभियान के अंतर्गत कलक्ट्रेट स्थित रूद्राक्ष सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बीमा कंपनियों ने 404 किसानों को 10,56,207 रुपये की क्षतिपूर्ति की राशि खाते में भेजे जाने के प्रमाण पत्र दिए। जिलाधिकारी सीपी सिंह व मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने 10 किसानों को सांकेतिक रूप से प्रमाण पत्र दिए। इसके अतिरिक्त किसानों को उड़द व मूंग के प्रमाणिक बीज भी उपलब्ध कराए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है। यह योजना किसानों के किसानों के लिए काफी लाभकारी है। बाढ़, आग, ओलावृष्टि आदि से होने वाले नुकसान पर बीमा कंपनी उसकी भरपाई करती है। फसलों के साथ-साथ अपने पशुओं का भी बीमा कराएं। पारंपरिक खेती को छोड़कर औषधीय पौधों, फूलों आदि की खेती करें। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान आदि मौजूद रहे।