मैनपुरी। नेशनल टेस्टिंग एजेन्सी, नई दिल्ली द्वारा पहली बार मैनपुरी एवं इटावा जनपद को भी मेडीकल प्रवेश परीक्षा (नीट-2022) के लिए परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। मैनपुरी में चार और इटावा में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 17 जुलाई को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
प्रत्येक वर्ष बहुत बड़ी संख्या में 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं मेडीकल कालेज में प्रवेश के लिये प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं। अभी तक फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरेया, इटावा और मैनपुरी जनपदों के विद्यार्थी को प्रवेश परीक्षा देने के लिये आगरा एवं कानपुर महानगरों में ही जाना पड़ता था। सिटी को-आर्डीनेटर डॉ. राम मोहन ने परीक्षार्थियों की कठिनाइयों को मद्देनजर रखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेन्सी, नई दिल्ली से जनपद में ही परीक्षा केंद्र बनाने का अनुरोध किया था। जिसे स्वीकार करते हुये इस वर्ष परीक्षा केंद्र मैनपुरी एवं इटावा में बनाये गये हैं।जनपद मैनपुरी में चार परीक्षा केंदों पर तथा जनपद इटावा में पांच परीक्षा केंदों पर निर्धारित होगा। परीक्षा 17 जुलाई को आयोजित होगी।
मैनपुरी-
मैनपुरी में सुदिती ग्लोबल एकेडमी, पैराडाइज पब्लिक स्कूल, सैनिक स्कूल तथा सेठ चन्नूराम बजाज मेमोरियल पब्लिक स्कूल को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
-----
इटावा -
इटावा में संत विवेकानन्द सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल, थियोसोफीकल स्कूल, सुदिती ग्लोबल एकेडमी, देहली पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
-----
1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश 11 बजे से प्रारेभ हो जाएगा और 1:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जायेगा। परीक्षार्थी अपने साथ अपना एडमिट कार्ड, एक अतिरिक्त फोटो एवं फोटो युक्त पहचान पत्र अवश्य साथ लेकर आएं।