एटा के कस्बा अलीगंज निवासी सीमेंट कारोबारी संदीप गुप्ता की हत्या की सूचना सोमवार रात मिली तो लोग स्तब्ध रह गए। परिजन और परिचित अलीगढ़ रवाना हो गए तो रात में गम का सन्नाटा पसर गया, जो मंगलवार सुबह नारेबाजी से टूटा। आक्रोशित लोगों ने एटा-फर्रुखाबाद मार्ग पर बैरीकेडिंग कर दोपहर तक जाम लगाया। जैसे ही कारोबारी का शव पहुंचा तो जनसैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर बाद भारी भीड़ के बीच कस्बा के श्मशान स्थल पर अंतिम संस्कार किया गया।
सोमवार रात को ही कारोबारी संदीप गुप्ता के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। हर एक व्यक्ति की आंखें नम थीं। मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे कस्बे व क्षेत्र के लोगों ने पड़ाव व कायमगंज रोड स्थित कोल्डस्टोरेज के पास बांस-बल्ली की बैरीकेडिंग लगाकर रोड जाम कर दिया। वहीं गांधी मूर्ति के पास कस्बे के व्यापारी धरने पर बैठ गए।
पुलिस के खिलाफ हुई नारेबाजी
माइक से संदीप गुप्ता अमर रहें और पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। उनकी मांग थी कि घटना का खुलासा कर हत्यारों को जल्द पकड़ा जाए और फांसी दी जाए। पुलिस ने दोपहर करीब 1 बजे समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। दोपहर बाद जैसे ही कारोबारी का शव कस्बे में पहुंचा लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा। हर कोई अंतिम दर्शन करने के लिए दौड़ पड़ा।