बटेश्वर मुख्य ब्रह्मलाल मंदिर मे पूजा अर्चना करते सीडीओ आगरा अमित कुमार व अन्य अधिकारी गण बटेश
बटेश्वर। उत्तर भारत के विख्यात लोक एवं पशु मेला का आगाज हो चुका है। मेले का आधिकारिक उद्घाटन 11 नवंबर को होगा। मेला मेजबान जिला पंचायत तैयारियों में जुटा है। इसके बावजूद पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव में उनकी प्रतिमा स्थल पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। बृहस्पतिवार को मेला का परिसर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी ने अटल संकुल भवन में गंदगी के ढेर देख नाराजगी जताई।
बटेश्वर लोक एवं पशु मेला का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने सबसे पहले ब्रह्मलाल महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अटल संकुल भवन में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने अटल लाइब्रेरी व फोटो गैलरी का अवलोकन कर अटल की प्रतिमा पर नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। निरीक्षण के दाैरान सीडीओ ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी मुकेश जैन, मेला प्रभारी मासूम रजा, इंजीनियर लव कुमार, प्रेम प्रकाश और धारा सिंह सहित संपूर्ण जिला पंचायत मेला स्टाफ को विशेष रूप से यमुना घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और महिलाओं के वस्त्र बदलने (ड्रेस चेंजिंग) के लिए गौरा कक्ष घाट पर सुरक्षित स्थान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल, बिजली के इंतजाम, पशु व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने, मेला परिसर में पुलिस को गश्त करने के आदेश दिए। इस अवसर पर एसडीएम बाह विनोद चौधरी, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, बीडीओ नीरज तिवारी, क्षेत्रीय लेखपाल कार्तिक सिंह, कानूनगो हीरा सिंह, गौरव यादव, मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया, मुख्य पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी और बिट्टू भदौरिया आदि उपस्थित रहे।