बटेश्वर/बाह। बटेश्वर मेले का विधिवत शुभारंभ भले ही 11 नवंबर को होना हो, लेकिन समय से पहले ही पहुंचे पशु व्यापारियों से पशु मेला परिसर पूरी तरह गुलजार हो चुका है। घोड़ों, ऊंटों और गधों के बाजार अपने शबाब पर पहुंच गए हैं। समय से पहले पहुंचे पशु व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बटेश्वर मेला क्षेत्र में बृहस्पतिवार को झूला, खेल और कंबल विक्रेताओं ने भी डेरा डाल दिया। मेला परिसर पशुओं से खचाखच भरा नजर आया। घोड़ा, गधा, ऊंट व खच्चर के बाजार अपने शबाब पर पहुंचने लगे हैं। समय से पहले ही अपने ऊंट, घोड़ा, खच्चर, गधा आदि मवेशी के साथ किसान और व्यापारियों ने डेरा डाल लिया है। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बटेश्वर चौकी प्रभारी अनुज नागर पुलिस बल के साथ दिन-रात गश्त कर व्यापारियों को किसी भी अप्रिय घटना के प्रति सतर्क कर रहे हैं।
प्रकाश के नहीं हैं इंतजाम, व्यापारी कर रहे पहरेदारी
मेला में प्रकाश के इंतजाम नहीं हैं। दोसा राजस्थान के लाड़ले का बांस गांव के तीन पशु व्यापारी राम प्रसाद, गिरधारी, गोलू जहर खुरानी की वारदात का शिकार हो चुके हैं। दोसा के कालू, मोहन सिंह ने बताया अंधेरे में अपराधिक वारदात का खतरा रहता है। जाग कर खुद ही पहरेदारी करनी पड़ रही है। सुरक्षा के लिए पुलिस चौकियों का गठन होना चाहिए। पीने के पानी के लिए पानी के टैंकर और कुछ भरे जा रहे हौज नाकाफी हैं। इटावा के रामसुंदर, बदांयू के करीम ने बताया पानी के लिए मारामारी के हालात हैं। मवेशी को पानी पिलाने के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। उन्होंने जिला पंचायत से प्रबंध और व्यवस्थाएं किए जाने की मांग की है।
सांचोरी ऊंट श्याम के नृत्य ने किया रोमांचित
दोसा राजस्थान के ललसोर के रहने वाले रसूल खां अपने 5 ऊंट लेकर बटेश्वर मेला पहुंचे हैं। उनके सांचोरी ऊंट श्याम के मन मोहक नृत्य ने बृहस्पतिवार को दिन भर खरीददारों को रोमांचित किया। पैरों में बंधे घुंघरू की छनछन के बीच नृत्य मुद्राएं हैरत में डाल देने वाली थी। नृत्य की खूबी के चलते ही ऊंट का दाम 1.50 लाख रुपये रखा है। दावा किया कि बीकानेर के रामनरेश ने खरीद के लिए 90 हजार रुपये कीमत लगाई है। करौली के उस्ताद शिवचरन ने सांचोरी ऊंट के नृत्य में पारंगत किया है। खचाखच भरे ऊंट के मेला में सांचोरी, जैसलमेरी, बाड़मेरी नस्ल के ऊंटों की खूबी और खूबसूरती के आधार पर मालिकों ने 25 हजार से 2 लाख रुपये तक की कीमत रखी है। बिल्होर के सुलेमान, फिरोजाबाद के अनरुद्ध ने बताया कि ऊंटों की खरीद और बिक्री शुरू हो गई है।
नकुली घोड़ी काजल ने बिखेरा जलवा
बृहस्पतिवार को मेला का आकर्षण अनवारा टूंडला के पहलवान होशियार सिंह की नकुली घोड़ी काजल रही। महज 15 महीने की काजल की ऊंचाई 62 इंच है। होशियार सिंह ने बताया दिन भर खरीददारों का तांता लगा रहा। काजल की खुराक में रोजाना 8 किलो चना, 10 लीटर दूध शामिल है। उन्होंने बताया घोड़ी की कीमत 31 लाख रुपये रखी है। फरीदाबाद के सुनील ने 20 लाख रुपये की कीमत लगाई है। मेला में 12 घोड़े लाए हैं। अभी तक सिर्फ एक घोड़ा बिका है।