केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हो रही है। जिले के 33 परीक्षा केंद्रों पर 26 हजार परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए सचल दलों का गठन किया जा चुका है। पहले दिन हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा होगी।
सीबीएसई के डिप्टी कोऑर्डिनेटर रामानंद चाैहान ने बताया कि परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। 9:55 बजे के बाद किसी छात्र को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 10:15 बजे प्रश्नपत्र का वितरण कर दिया जाएगा। परीक्षा 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:30 बजे समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि इस बार सीबीएसई ने मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए कक्षा 12वीं के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली लागू की है, जिसके तहत उत्तर पुस्तिकाएं स्कैन कर डिजिटल रूप से जांची जाएंगी और अंकों की गणना सॉफ्टवेयर से होगी, जिससे टोटलिंग एरर समाप्त होगा और रिजल्ट के बाद वेरिफिकेशन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिले में 160 स्कूल
सीबीएसई के जिला कोऑर्डिनेटर आरके पांडेय ने बताया कि जिले के 160 स्कूलोें के लिए 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तकरीबन 26 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षार्थियों से अपील है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, लेट होने पर प्रवेश नहीं मिलेगा।