डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में सीबीआई की टीम ने फिर से डेरा डाल दिया है। बुधवार को परीक्षा नियंत्रक सहित संबंधित विभागों में तैनात स्टाफ से लंबे समय तक पूछताछ की। विश्वविद्यालय प्रशासन से चार्ट दिखाए जाने की मांग की गई है। देहरादून से सीबीआई टीम आई है। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई टीम गुरुवार को भी जांच करेगी। यह टीम 14 और 15 मार्च 2019 को विश्वविद्यालय में पहली बार आई थी।
उत्तराखंड में चार लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की डिग्री लगाकर विभिन्न विभागों में नौकरी पाई है। शिकायत पर उसकी जांच चल रही है। सीबीआई को जांच सौंपी गई है। टीम के पहली बार आने पर ही स्पष्ट कर दिया गया था कि चारों प्रमाणपत्र फर्जी हैं। उस पर लगी मुहर और लिखावट अलग थी।
सीबीआई टीम इस बात की जांच कर रही है कि फर्जीवाड़ा हुआ कैसे? प्रमाणपत्र फर्जी थे तो नौकरी लगने के बाद उनका सत्यापन कैसे हो गया। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को सीबीआई टीम पालीवाल पार्क परिसर नहीं गई। खंदारी परिसर स्थित गेस्ट हाउस में ही पूछताछ की।