आगरा के पिनाहट के भदरौली स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में बृहस्पतिवार शाम को सीबीआई, गाजियाबाद की टीम ने छापा मारा। पीएम सूर्य घर योजना में अनियमितता की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने योजना से संबंधित लोन की फाइलों को कब्जे में ले लिया। सहायक मैनेजर से 5 घंटे तक पूछताछ की। मैनेजर सहित अन्य 7 कर्मियों से भी अलग-अलग पूछताछ की गई। कार्रवाई की जानकारी पर बैंक के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। देर रात तक कार्रवाई चलती रही।
दोपहर 12 बजे एक गाड़ी में सीबीआई गाजियाबाद के 4-5 अधिकारी पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे थे। मगर, बैंक परिसर में नहीं गए। टीम ने बैंक के आसपास कई लोगों से जानकारी ली। बैंक पर भी नजर रखी गई। शाम करीबन 6 बजे जब बैंक बंद करने की तैयारी चल रही थी, तभी टीम के सदस्य अलग-अलग दो गाड़ियों से आ गए। सीबीआई अधिकारी सीधे अंदर पहुंच गए। अधिकारियों ने अपना परिचय देने के बाद कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी।
बताया गया है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में अनियमितता की शिकायत सैंया निवासी बृजमोहन त्यागी ने की थी। टीम ने उनको भी बुलाया। इस दौरान मैनेजर, सहायक मैनेजर सहित आठ लोग मौजूद थे। किसी को भी बाहर नहीं जाने दिया गया। वहीं किसी अन्य व्यक्ति को बाहर जाने की भी इजाजत नहीं दी गई। टीम ने लोन से संबंधित फाइलों को कब्जे में ले लिया। कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई टीम ने बैंक के असिस्टेंट मैनेजर प्रवीन यादव से लंबी पूछताछ की। योजना से संबंधित लोन की फाइलों व बैंक अभिलेखों को कब्जे में ले लिया। बैंक के उच्च अधिकारियों ने भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। रात तकरीबन 11 बजे तक टीम बैंक में डेरा डाले हुए थी। छापे से बैंक में अफरातफरी का माहौल रहा। कार्रवाई को देखते हुए बैंक के बाहर लोग भी जुट गए।
क्या है पीएम सूर्य घर योजना
भारत सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में घर की छत पर सोलर पैनल लगाने पर 30 हजार से लेकर 1.08 लाख तक की सब्सिडी दी जाती है, जिससे हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल सके।