आगरा जनपद की भदरौली स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में बृहस्पतिवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) गाजियाबाद की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल ऋण फाइलों में रिश्वत मांगने की शिकायत पर हुई कार्रवाई में शाखा प्रबंधक प्रवीण यादव से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की गई। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सीबीआई टीम उन्हें गिरफ्तार कर अपने साथ गाजियाबाद ले गई, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सीबीआई के अनुसार, एक निजी कंपनी में कार्यरत शिकायतकर्ता ब्रजमोहन त्यागी की शिकायत पर 25 जून को मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने सोलर पैनल योजना की 19 ऋण फाइलों को मंजूरी देने के लिए प्रति फाइल सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान 19 फाइलों के लिए कुल 52 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति बनी। सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रबंधक को शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 30 हजार रुपये मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।