10 साल से सीवर, सड़क और पानी का संकट झेल रहे लोगों ने विशेष राठौर के नेतृत्व में भीमनगर के नगला बेर में सड़क किनारे पंडाल लगाकर जनप्रतिनिधियों की तेरहवीं की। मेयर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और पार्षद विमलेश प्रजापति व अमित पटेल की तस्वीर रखकर फूलों के हार चढ़ाए। महिलाओं ने जनप्रतिनिधियों के लिए रो-रोकर शोक मनाया। विशेष राठौर सहित अन्य लोगों ने सिर मुंडवाए। जनप्रतिनिधियों के चित्रों के आगे मालपुआ, पूड़ी-सब्जी व अन्य सामग्री का भोग लगाकर सामूहिक रूप से प्रार्थना की।