हरीपर्वत के विक्टोरिया इंटर कॉलेज में कचरे में आग लगाई गई थी। नगर निगम की टीम ने आग लगाने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया और उससे 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
दुकान, प्रतिष्ठान और घर के सामने कचरे को इकट्ठा करने के बाद आग लगाना आपको भारी पड़ सकता है। नगर निगम ने बृहस्पतिवार को एक ऐसे ही व्यक्ति को कचरे में आग लगाते समय पकड़ लिया, उससे 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
विज्ञापन
हरीपर्वत स्थित विक्टोरिया गर्ल्स स्कूल में एक व्यक्ति ने कचरे में आग लगा दी, जिसे क्षेत्र के सेनेटरी इंस्पेक्टर सुदेश यादव ने मौके पर ही पकड़ लिया। उस पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के मुताबिक 20 हजार रुपए का जुर्माना किया।
नगर निगम के प्रवर्तन दल के साथ पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण ने सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन की बिक्री रोकने के लिए छीपीटोला बाजार में अभियान चलाया। दुकानों के अंदर चोरी छिपे रखी गई पॉलिथीन और प्लास्टिक जब्त की गई। दुकानों से 18 किलो पॉलिथीन जब्त की गई, जिस पर कुल 54 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इस दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एके सिंह और दल के सदस्य मौजूद रहे।