यमुना नदी में भैंस आदि पालतू जानवरों को नहलाने और किनारों पर घूमने पर रोक है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने वॉटरवर्क्स और हाथीघाट पर नदी में नहा रहीं 21 भैंस पकड़ीं। जिन्हें छुड़ाने के लिए शाम को पशुपालकों का नगर निगम पर जमघट लगा रहा। करीब 87 हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद भैंसों को छोड़ा गया। विभिन्न मदों में कुल 27.89 लाख रुपये वसूले गए।
प्रवर्तन प्रभारी एके सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थल पर थूकने वाले 25 से अधिक लोगों पर 1600 रुपये जुर्माना किया। सूखा व गीला कचरा अलग-अलग न रखने वाले दुकानदारों से चारों जोन में 4200 रुपये जुर्माना वसूला है। इनके अलावा बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलिथीन पर 2000 रुपये और लोहामंडी में 50 हजार रुपये जुर्माना किया है। ईदगाह बस स्टैंड से सांई की तकिया चौराहा तक अतिक्रमण पर 2200 रुपये और 28 ठेल-ढकेल हटाई गईं। इनके अलावा गंदगी फैलाने वालों से 2250 रुपये जुर्माना लगाया। बकाया गृहकर की वसूली कराई।
उन्होंने बताया कि हरीपर्वत जोन में 16.30 लाख, ताजगंज में 3.27 लाख रुपये, लोहामंडी में 5.50 लाख और छत्ता में 2 लाख रुपये गृहकर बकाया वसूला गया।
होटल नीलकंठ का सीवर बंद
जलकल विभाग ने पानी बिल का बकाया नहीं चुकाने पर भगवान टॉकीज स्थित होटल नीलकंठ का सीवर कनेक्शन बंद किया है। उपभोक्ता पर 16 लाख रुपये बकाया है। जलकल सचिव वीबी सिंह के अनुसार सूर्य नगर, लोहामंडी, ताजगंज और छत्ता जोन में 10 पानी कनेक्शन काटे गए हैं।