आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में बसपा सुप्रीमो मायावती की जनसभा में अनुमति से अधिक भीड़ जुटने के मामले में थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन और लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा का आरोप है। इसमें बसपा जिलाध्यक्ष धीरज बघेल को नामजद किया है।
कोठी मीना बाजार मैदान में दो फरवरी को बसपा सुप्रीमो मायावती की सभा हुई थी। जिला प्रशासन से अनुमति बसपा जिलाध्यक्ष ने ली थी। सभा में एक हजार लोगों की अनुमति दी गई थी। लेकिन सभा में एक हजार से अधिक लोग जुटे थे।
थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि सभा में चेक करने पर पता चला कि एक हजार से अधिक लोगों की भीड़ थी। कोविड गाइडलाइन का पालन भी नहीं किया जा रहा था। थाना की डिवीजन चौकी के प्रभारी पृथ्वीराज मुकदमे के वादी हैं। कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन और लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया।