आगरा में गरीबों के लिए आए राशन की कालाबाजारी में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व विधायक भगवान सिंह कुशवाहा फंस गए हैं। इन पर गरीबों के 59 कुंतल राशन की कालाबाजारी करने पर थाना सदर में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
कंट्रोल रूम में राशन की दुकान न खुलने की शिकायत पर आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को सुल्तानपुरा नगर क्षेत्र ताजगंज स्थित राशन डीलर भगवान सिंह की दुकान पर छापा मारा। भगवान सिंह बसपा विधायक रह चुके हैं। छापे के वक्त इनकी दुकान बंद थी।
पूर्ति निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने फोन कर इनको बुलाया। टीम को मौके पर 2.50 कुंतल चावल मिला और गेहूं का स्टाक नहीं था। विभागीय वेबसाइट के मुताबिक इनके यहां पर अप्रैल माह का 48.03 कुंतल गेहूं और 32.02 कुंतल चावल और मार्च का स्टाक 17.28 कुंतल गेहूं और 11.52 कुंतल चावल दर्शा रहा था।