आगरा के थाना सिकंदरा में युवक ने अपने परिचित पर जमीन खरीदने के बाद बकाया 1.57 करोड़ रुपये न देने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि जमीन पर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर जांच में लगी है।
दर्ज केस के अनुसार गुरु तेग बहादुर कॉलोनी निवासी मनोज कुमार जादौन ने तहरीर दी थी। आरोप लगाया था कि उनका ककरैठा नीरव निकुंज में आवासीय भूखंड था जिसका क्षेत्रफल 399.104 वर्ग मीटर था। उनके दयालबाग के पायल एन्क्लेव निवासी विपक्षी आशीष गोयल से पारिवारिक संबंध थे। विपक्षी ने 2 करोड़ रुपये में उस जमीन को खरीदने का सौदा हुआ।
विपक्षी को अस्सी लाख रुपये बैंक लोन चुकाना था। 1.20 करोड़ रुपये का भुगतान करना था। विपक्षी ने बायना 42.50 लाख रुपये ही दिए। शेष रकम 1.57 करोड़ रुपये नहीं दी। बाद में पता चला कि विपक्षी ने उस जमीन पर निर्माण कराकर बेचना शुरू कर दिया। 19 अगस्त को शाम 4 बजे वह विपक्षी के पास बकाया रुपये मांगने गए तो झगड़ा करने लगा। धमकी दी कि अगर फिर से आए तो जान से मार देगा।