घर पर बच्चों की देखभाल कर रही केयरटेकर ही घर से सामान चोरी कर रही थी। हीरे की अंगूठियां चोरी कर उसके फोटो किसी को व्हाट्सएप पर भेज दिए। मामला पकड़ में आने के बाद परिवार ने एफआईआर दर्ज कराई है।
आगरा के थाना न्यू आगरा के निर्भय नगर स्थित रंग जी हाइट्स अपार्टमेंट में बच्चों की देखभाल के लिए रखी केयरटेकर घर से गहने और कीमती सामान चोरी कर रही थी। चोरी हुई हीरे की अंगूठियां बरामद होने पर पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
आकाश गोयल ने बताया कि उनकी पत्नी अर्शी ने बच्चों की देखभाल के लिए फिरोजाबाद के भीखनपुर, साखिनी कोडर निवासी लक्ष्मी पत्नी श्याम प्रकाश को 24 घंटे की नौकरी पर रखा था। उनके घर से कुछ समय से कीमती सामान चोरी हो रहा था। 18 फरवरी को उनकी और पत्नी की सोने और हीरे जड़ी अंगूठियां चोरी हो गईं। उन्होंने 20 फरवरी को लक्ष्मी के व्हाट्सएप पर उन्हीं अंगूठियों के फोटो किसी को भेजने की बात सुनी।
112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिस के सामने ही उसने अपने कपड़ों में छिपाई अंगूठियां बरामद करा दीं। इसके बाद आरोपी को थाना न्यू आगरा ले जाकर तहरीर दी। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।