खंदौली (आगरा)। भगवान टाकीज चौराहे से हाथरस जाने के लिए जलनिगम के कर्मी और उनकी पत्नी को बैठाकर कार सवारों ने उनसे नकदी और एटीएम कार्ड बहाने से ले लिया। इसके बाद रास्ते में उतारकर बदमाश भाग निकले। बदमाशों ने उनके कार्ड से 2500 रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित ने पड़ाव चौराहा पुलिस बूथ पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें किराया देकर हाथरस के लिए रवाना कर दिया।
हाथरस के टुकसान निवासी रमेश चंद्र ने बताया कि वह झांसी में जल निगम में कार्यरत हैं। शुक्रवार को वह पत्नी रामकली के साथ अपने गांव हाथरस जाने के लिए आगरा के भगवान टाकीज से एक कार में बैठ गए। जिसमें पहले से ही तीन सवारियां बैठी थीं।
कुछ देर चलने पर कार सवार एक युवक ने कहा की आगे चुनाव के कारण पुलिस चेकिंग चल रही है। अपने पैसे, कार्ड आदि लिफाफा में कर उसे दे दें। इस पर रमेश चंद्र ने जेब में रहा एक हजार रुपये और एटीएम कार्ड कार सवार को दे दिया। बहाने से एटीएम कार्ड का पिन नंबर भी पूछ लिया। बाद में कार सवार ने उसे दूसरा लिफाफा थमा दिया। फिर बहाने से यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर उतारकर फरार हो गए।
इसके कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल फोन पर एटीएम कार्ड से 2500 रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। जब उन्हें टप्पेबाजी होने की जानकारी हुई। एसओ खंदौली विपिन गौतम ने बताया कि जलनिगम के कर्मी ने तहरीर नहीं दी। उनके पास किराये के पैसे नहीं थे। किराया लेकर पति-पत्नी घर चले गए।
टप्पेबाजी का शिकार हुए दंपती घटना की जानकारी देने पड़ाव पुलिस चौकी पहुंचे, तो पहले पुलिस ने उन्हें न्यू आगरा थाना क्षेत्र की घटना बताकर वह जाने के लिए कह दिया। पुलिस के इस तरह से टरकाने पर दोनों परेशान हो उठे। बताया कि उनके पास कहीं भी जाने के लिए किराया तक नहीं है।