एमजी रोड के नेहरू नगर स्थित भगत हलवाई की दुकान के बाहर पार्किंग में कार खड़ी करने पर दो कार सवारों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक गाड़ी के चालक के साथ मारपीट कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को पकड़कर ले आई। भगत हलवाई के मालिक सहित पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर तीन निवासी विवेक कुमार उर्फ बंटी मंगलवार सुबह तकरीबन 11 बजे अपनी कार से नेहरू नगर स्थित भगत हलवाई पर सामान खरीदने आया था।
विवेक कार को दुकान के बाहर पार्किंग में खड़ी कर रहा था। तभी कावेरी ग्रीन निवासी सुनील कपूर अपनी वैगनआर कार से आ गए। उन्होंने विवेक से कार खड़ी से मना किया। आरोप है कि गालीगलौज कर दी।
बाद में भगत हलवाई के मालिक आनंद, कमल, अंकित कुमार और जीतू सहित तीन अन्य लोग आ गए। उन्होंने कार से खींचकर पिटाई लगाई और कपड़े फाड़ दिए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सुनील, कमल और अंकित को पकड़ लिया। कहा जा रहा है कि पीड़ित एक न्यायिक अधिकारी की कार का चालक है।
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बलवा, मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और सात सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। उधर, सुनील कपूर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मारपीट का आरोप गलत बताया। सुनील को जमानत दी गई है। उनकी उम्र तकरीबन 65 साल है। मेडिकल के आधार पर जमानत दी गई है। वहीं अन्य दो को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।