घिरोर। थाना क्षेत्र में ताहरपुर तिराहा के पास खड़े एक वृद्ध सहित दो लोगों को मार्ग से गुजर रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अनियंत्रित कार सड़क से उतर कर खेत में घुस गई। लोगों ने हादसे में घायक युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव ताहरपुर निवासी 80 वर्षीय झम्मन लाल शुक्रवार की सुबह गांव के बाहर तिराहा पर खड़े थे। उनके पास ही गांव नगला पूसे निवासी मोहित शाक्य खड़ा था। दोनों बातचीत कर रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं मोहित घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुई कार सड़क से नीचे उतर कर खेत में चली गई। घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने वृद्ध व युवक को अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने झम्मन लाल को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में ले लिया, वहीं सवार लोग भाग गए। पुलिस का कहना है कि वृद्ध को बाइक सवार ने टक्कर मारी थी, कार तो बचाने के प्रयास में खेत में घुस गई।