आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर बाह के छदामी मठ के पास मंगलवार रात बालू लदे डंपर की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गये। कार सवार तीन लोग घायल हो गए। उनका एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
हादसा मंगलवार रात 11 बजे करीब हुआ। कार सवार जैतपुर के सूरापुरा गांव निवासी पंचम सिंह, अजीत, गढ़ी प्रतापपुरा के बैजनाथ शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस घर लौट रहे थे। छदामी मठ के पास बालू लदे डंपर ने कार में जाेरदार टक्कर मार दी। तीनों लोग कार में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को खिड़की काट कर बाहर निकाला। इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया। बाह पुलिस ने दुर्घटना करने वाले डंपर को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात कही है।
बिजली के खंभे टकराकर खाई में गिरी कार, 4 सवार घायल
बाह। कैंजरा मार्ग पर मंगलवार देर रात अभिनव विद्यालय के पास अचानक सड़क पर आए छुट्टा मवेशी को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद करीब 10 मीटर दूर खाई में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। चीख पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से कार में फंसे सवारों को बाहर निकाला। घायलों में पुरानी छावनी ग्वालियर के हेमंत, नितिन बाथम, भूरापुरा औरैया के आकाश, करनपुरा के दिव्यांश को इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार अभयपुरा से बाह की ओर जा रहे थे। टक्कर से बिजली का खंभा नीचे से टूट कर झुक गया था, गिरता तो बड़ा हादसा हो जाता। घायलों ने बताया कि दावत खा कर लौटते समय हादसे का शिकार हो गये। सामने ट्रक था। अचानक छुट्टा मवेशी सामने आ गया, जिसकी वजह से बिजली के खंभे में कार टकराने से हादसा हो गया। बाह सीएचसी से घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर अभयपुरा क्षेत्र में छुट्टा मवेशी की टक्कर से बाइक सवार धनियापुरा के रामसिंह घायल हो गये। वह दावत खा कर बाइक से घर लौट रहे थे। इलाज के लिए बाह सीएचसी से एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया।