थाना शमशाबाद क्षेत्र में एक बड़ी वारदात सामने आई है। जहां युवक को कैंटर चालक ने मामूली कहासुनी होने के बाद कैंटर की खिड़की पर लटकाकर गाड़ी को दौड़ा दिया। 400 मीटर आगे तेज रफ्तार गाड़ी से युवक को सड़क पर फेंक दिया। उसके गंभीर चोटें आई। युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद कैंटर चालक फरार है। मामले की तहरीर थाना शमशाबाद में दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। ये कैंटर माल लोड करने के लिए बुलाया था। इसी दौरान कहासुनी हुई। इसके बाद पूरा घटनाक्रम हुआ। कैंटर चालक नशे की हालत में बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला थाना शमशाबाद क्षेत्र के आगरा रोड का है। थाना शमशाबाद में मृतक के दोस्त विवेक कुमार उर्फ वीरू निवासी चितौरा थाना शमशाबाद द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, वह अपने दोस्त सौरव कुलश्रेष्ठ के साथ रविवार दोपहर को कस्बा शमशाबाद की बॉम्बे गोल्डन ट्रांसपोर्ट कंपनी से भाड़े पर माल लोड करने के लिए कैंटर गाड़ी ले गया। कैंटर गाड़ी में आगरा रोड स्थित सलोनी मिल के पास से क्रेट ले जानी थीं।
गाड़ी आगे पीछे करने को लेकर हुई थी कहासुनी
गाड़ी में क्रेटों को लादते समय सौरव कुलश्रेष्ठ से चालक और क्लीनर की कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद चालक बिना माल लोड किए ही कैंटर ले जाने लगा। इस दौरान चालक द्वारा गाली-गलौज की गई। सौरव कुलश्रेष्ठ केबिन पर चढ़ा तो चालक ने कैंटर को तेज रफ्तार दौड़ा दिया। आगरा रोड पर कैंटर दौड़ाता चला गया, जबिक सौरव केबिन के गेट पर ही लटका था। तकरीबन 400 मीटर दूर तक केबिन से लटका कर सौरव को चालक कैंटर को दौड़ता रहा। रेलवे पुल के पास उसे धक्का देकर गिरा दिया।
सड़क पर गिरने के बाद उसे गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उसे एंबुलेंस की मदद से आगरा के एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्कूल संचालक का इकलौता पुत्र था युवक
मृतक युवक के पिता प्रवीण कुलश्रेष्ठ शमशाबाद में एक निजी स्कूल चलाते हैं। युवक स्कूल संचालक का इकलौता पुत्र था। मौत की खबर सुन परिवार में चीख-पुकार मच गई है।
चालक और क्लीनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
थाना अध्यक्ष शमशाबाद आलोक कुमार दीक्षित के मुताबिक मृतक युवक के दोस्त वीरू की तहरीर पर चालक साहब सिंह और क्लीनर सुनील के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।