डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में जमकर नकल हो रही है। शनिवार को एटा के सात महाविद्यालयों में सामूहिक नकल पकड़ी गई। श्री राधे महाविद्यालय, एआ में तो सचल दस्ते ने पत्नी की जगह पति को परीक्षा देते पकड़ा।
श्री राधे महाविद्यालय में दूसरी पाली में बीए संस्कृत की परीक्षा के दौरान सचल दस्ता पहुंचा तो एक कक्ष में महिला बच्चे को गोद में लेकर बैठी थी। साथ में उसका पति भी बैठा था। जांच में पता चला कि महिला के पति ने ही कापी में उत्तर लिखे थे। वहीं मोहर सिंह महाविद्यालय के एक कक्ष में सात परीक्षार्थी थे। कक्ष निरीक्षक बोलकर प्रश्न हल करा रहा था। सभी परीक्षार्थियों की कापियां एक जैसी लिखी हुई थीं।
वीरांगना अवंतिबाई महाविद्यालय में तीसरी पाली में बीए हिंदी साहित्य की परीक्षा में सभी परीक्षार्थियों की कापियों में उत्तर एक जैसे लिखे हुए थे। सामूहिक नकल की संस्तुति की जा रही है। यही दशा दयानंद महाविद्यालय, एटा में भी मिली। डा. आरपीएस महाविद्यालय में एक कक्ष में कक्ष निरीक्षक ही बोलकर नकल करा रहा था। वहीं गजराज सिंह महाविद्यालय में सचल दल को देखते ही चार साल्वर भागे, उनको पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन पकड़ में नहीं आए। यहां भी सामूहिक नकल की स्थिति पाई गई।
राम सिंह विट्ठल देवी महाविद्यालय, एटा में दो साल्वर पकड़े गए और सामूहिक नकल पाई गई। जेडएच डिग्री कालेज, में सचल दल दोपहर 3:00 बजे से लेकर यहां 3:50 बजे तक रुका। इस दौरान परीक्षार्थियों की कलम नहीं चल रही थी। सचल दल प्रभारी डा. बिंदुशेखर शर्मा और डा. पीके सिंह ने बताया कि वह अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंपेंगे।
सात नकलची भी पकड़े
आगरा। डा. प्रदीप श्रीधर के नेतृत्व में निकले सचल दस्ते ने एटा के दो महाविद्यालयों से सात नकलची पकड़े। ममता कालेज, हाथरस पहली पाली में बीएससी रसायन विज्ञान की परीक्षा में पांच नकलची और हरप्रसाद मान सिंह डिग्री कालेज हाथरस में तीसरी पाली में बीए हिंदी साहित्य की परीक्षा में दो नकलची पकड़े गए।