सेना भर्ती के तीसरे दिन आगरा, बाह और एत्मादपुर तहसील के युवाओं को मौका मिला। इसमें 15692 अभ्यर्थियाें ने भर्ती में भाग लिया। लेकिन 550 अभ्यर्थी ही भर्ती की सभी बाधाएं पार कर सके। इनमें से ज्यादातर लंबाई कम होने के चलते मात खा गए। सेना में भर्ती के लिए 170 सेंटीमीटर लंबाई होना जरूरी है।
जीत सिंह स्टेडियम में हजाराें अभ्यर्थी जुटे हुए थे। शारीरिक मापतौल के बाद इन्हें स्टेडियम में प्रवेश के लिए टोकन दिया गया। यहां दौड़, शारीरिक फिटनेस तैसे चरणाें से अभ्यर्थियाें को गुजरना पड़ा। सेनाधिकारी अभ्यर्थियों पर पैनी नजर रखे हुए थे। नियमों तोड़ने वाले अभ्यर्थियाें को उसी चरण में भर्ती से बाहर कर दिया। रविवार को डायरेक्टर जनरल रिक्रूटिंग आरएन नायर ने अभ्यर्थियों से बात कर हौसलाअफजाई की। उन्होंने रिजेक्ट हुए अभ्यर्थियों से दोबारा से बेहतर तैयारी की नसीहत दी। सेना भर्ती दफ्तर के डायरेक्टर कर्नल श्रीकांत नारायण ने बताया कि सोमवार को किरावली, खेरागढ़ और फतेहाबाद तहसील के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
सेना भर्ती में यूपी का दबदबा
रविवार को डायरेक्टर जनरल रिक्रूटिंग आरएन नायर भी रहे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियाें की खासी प्रशंसा की। बोले कि सेना भर्ती में उत्तरप्रदेश के अभ्यर्थियाें का दबदबा है। देशभर में होने वाले भर्ती मेले में यूपी का औसत 17 फीसदी है। वे यहां के अभ्यर्थियाें के दमखम के भी कायल दिखे। कहा कि खासकर आगरा जोन के युवकाें में बेहतर फिटनेस देखने को मिलती है।
रिजेक्ट अभ्यर्थियाें ने किया हंगामा
- भर्ती में रिजेक्ट अभ्यर्थियों ने मैदान के बाहर हंगामा किया। एकत्रित होकर नारेबाजी करने लगे। सेना को जानकारी होने पर पुलिस-प्रशासन को एलर्ट किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अभ्यर्थियाें को शांत रहने की नसीहत दी। नहीं माने तो पुलिस ने सख्त तेवर दिखाए। यह देख अभ्यर्थी वहां से निकल लिए।